- अंतरराष्ट्रीय वन्य जीव शिकारी गैंग को करता था अवैध हथियारों की सप्लाई
- 2000 अवैध कारतूस मामले में पहले भी जा चुका है जेल
- कुरियर और पब्लिक ट्रांसपोर्ट के जरिये पहुंचाते थे हथियार
देहरादून, 3 जुलाई। उत्तराखंड स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) और महाराष्ट्र क्राइम ब्रांच की संयुक्त कार्रवाई में एक अंतरराष्ट्रीय असलहा सप्लायर को देहरादून में केशवकुंज, लेन नंबर 13C, टर्नर रोड, क्लेमन्टाउन से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान कामरान अहमद पुत्र नईम अहमद (निवासी बी-2/118 यमुना विहार, दिल्ली, हाल निवासी टर्नर रोड, देहरादून) के रूप में हुई है। वह पहले भी वर्ष 2022 में दिल्ली के प्रतापगंज इंडस्ट्रियल एरिया थाने से 2000 अवैध कारतूसों के साथ गिरफ्तार होकर जेल जा चुका है।
यह कार्रवाई उत्तराखंड के पुलिस महानिदेशक श्री दीपम सेठ के “विशेष अभियान” के तहत की गई, जिसमें राज्य में सक्रिय बाहरी अपराधियों और गैंगस्टर्स पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में एसटीएफ प्रमुख श्री नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देशन में टीम गठित कर कामरान अहमद की गिरफ्तारी की गई।
महाराष्ट्र से मिली थी महत्वपूर्ण सूचना
महाराष्ट्र के यवतमाल जिले में तीन दिन पूर्व वन्य जीवों के शिकारी गैंग के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया गया था, जिनके पास से भारी मात्रा में अवैध असलहे व कारतूस बरामद किए गए। इनसे पूछताछ के दौरान यह जानकारी सामने आई कि देहरादून निवासी कामरान अहमद ही इन्हें हथियार सप्लाई करता था। इस सूचना को महाराष्ट्र क्राइम ब्रांच ने उत्तराखंड एसटीएफ से साझा किया, जिसके बाद कार्रवाई को अंजाम दिया गया।
बरामद हथियारों की सूची चौंकाने वाली
गिरफ्तार तस्करों से बरामद असलहों में .22 कैलिबर राइफल, .177 एयरगन, डबल बोर गन, .32 रिवॉल्वर, क्रॉसबो हंटिंग ट्रेजर, 12 बोर के कारतूस, .22 कैलिबर के 90 कारतूस, अन्य विभिन्न बोर के 195 से अधिक जिंदा कारतूस, सैन्य रंग की बुलेटप्रूफ जैकेट शामिल हैं। ये सभी हथियार वन्य जीवों के शिकार के लिए प्रयोग किए जा रहे थे।
कामरान अहमद से पूछताछ में उसके अंतरराष्ट्रीय संपर्कों और अन्य देशों में आवाजाही की जानकारी मिली है। वह ऑनलाइन ऑर्डर लेकर पब्लिक ट्रांसपोर्ट और कुरियर के जरिये हथियार महाराष्ट्र के गैंग्स तक पहुंचाता था। एसटीएफ अब उसके नेटवर्क और संबंधों की गहनता से जांच कर रही है।
अभियुक्त का आपराधिक इतिहास
1. मुकदमा संख्या 555/2022 – आर्म्स एक्ट व आईपीसी की धारा 120 के अंतर्गत, थाना प्रतापगंज इंडस्ट्रियल एरिया, दिल्ली
2. मुकदमा संख्या 665/2025 – आर्म्स एक्ट एवं महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम के अंतर्गत, थाना यवतमाल सिटी, महाराष्ट्र।
टीम एसटीएफ उत्तराखंड
- निरीक्षक नन्द किशोर भट्ट
- उपनिरीक्षक विद्या दत्त जोशी
- हेड कांस्टेबल सुधीर केसला
- हेड कांस्टेबल प्रमोद कुमार
- हेड कांस्टेबल देवेन्द्र नेगी
- कांस्टेबल कादर खान
- कांस्टेबल शैलेश भट्ट
टीम महाराष्ट्र क्राइम ब्रांच
- एपीआई पवन राठोड़
- एएसआई योगेश गटलेवार
- हेड कांस्टेबल अजय डोले
उत्तराखंड एसटीएफ अब कामरान अहमद के नेटवर्क, अन्य राज्यों और देशों में उसके संपर्कों तथा उसकी भूमिका की गहन जांच में जुट गई है। भविष्य में और गिरफ्तारियां संभव हैं।









