बदरीनाथ धाम में आज भगवान नर-नारायण जयंती का पर्व श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया गया। प्रातःकाल भगवान बदरीविशाल जी के मुख्य पुजारी श्री अमरनाथ नम्बूदरी ने भगवान नर-नारायण की पूजा-अर्चना कर भोग और उपचार समर्पित किया। इसके बाद भगवान नर-नारायण की पालकी शोभायात्रा निकाली गई, जो माता मूर्तिदेवी के दर्शन के लिए प्रस्थान कर गई।
शास्त्रों के अनुसार यह महोत्सव श्रावण मास शुक्ल पक्ष षष्ठी तिथि को, जब सूर्य कर्क राशि में और हस्त नक्षत्र में होता है, तब मनाया जाता है। मान्यता है कि भगवान नर-नारायण लोककल्याण के लिए बदरिकाश्रम में सदियों से तपस्यारत हैं।
नर-नारायण जयंती के अवसर पर ज्योतिष्पीठाधीश्वर जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी और अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती जी ने मुंबई से वीडियो संदेश के माध्यम से श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दीं।








