- प्रदेश में आठ साल के भाजपाई कुशासन से जनता त्रस्त- सूर्यकांत धस्माना
पिछले आठ वर्षों से प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी के कुशासन से जनता त्रस्त है और अब सारे प्रदेश की जनता आशा भरी निगाह से कांग्रेस की ओर देख रही है और अब यह कांग्रेस के कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि वे एक जुट हो कर संगठन को मजबूत करें व प्रदेश की जनता को भाजपा के कुशासन से मुक्ति दिलवाएं यह बात आज नैनबाग पहुंचे प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष संगठन व प्रशासन सूर्यकांत धस्माना ने कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कही। धनोल्टी विधानसभा क्षेत्र के चारों संगठनात्मक ब्लॉकों से बड़ी संख्या में पहुंचे पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं में उत्साह का संचार करते हुए श्री धस्माना ने कहा कि कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को किसी भी प्रकार से निराश नहीं होना क्योंकि हम उस कांग्रेस के वारिस हैं जिसने भारत की आजादी की लड़ाई की अगुवाई की और आजादी के बाद पंडित जवाहर लाल नेहरू से लेकर डॉक्टर मनमोहन सिंह तक भारत के नव निर्माण व विकास में सबसे अहम भूमिका निभाई।
धस्माना ने कहा कि उत्तराखंड राज्य निर्माण के पच्चीस साल बाद आज भाजपा के राज में प्रदेश में बेरोजगारी अपने चरम पर है और राज्य में खनन शराब माफिया का राज है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ हिंसा बलात्कार और हत्याओं के मामले लगातार बढ़ रहे हैं और आज उत्तराखंड देश के हिमालयी राज्यों में सबसे पहले पायदान पर है। श्री धस्माना ने कहा कि प्रदेश में घोटालों। की भरमार है और हरिद्वार में भूमि खरीद घोटाला और देहरादून में फर्जी सफाई कर्मी भुगतान घोटाला इसका जीता जगता सुबूत है।
धस्माना ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर टिहरी जिले व धनोल्टी विधानसभा की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए कहा कि नैनबाग थथूड के अस्पताल व सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टर नहीं और स्कूलों में कहीं अध्यापक नहीं तो कहीं बिल्डिंग नहीं लेकिन कोई बोलने सुनने वाला नहीं। श्री धस्माना ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनावों में जब प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बने तो धनोल्टी से कांग्रेस का विधायक चुन कर जाए इसका संकल्प लेना है। इस अवसर पर प्रदेश के पूर्व मंत्री वरिष्ठ कांग्रेस नेता श्री शूरवीर सिंह सजवान ने कहा कि भाजपा की केंद्र व राज्य दोनों जगह सरकारें हैं किन्तु फिर भी उत्तराखंड आज विकास की दौड़ में लगातार पिछड़ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पर्वतीय क्षेत्रों में लगातार पलायन हो रहा है और उसका कारण बदहाल शिक्षा व स्वास्थ्य सेवाओं का होना तथा रोजगार सृजन में सरकार की अरुचि है। उन्होंने कहा कि आज जिस प्रकार से प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष संगठन सूर्यकांत धस्माना संगठन को मजबूत करने के लिए मेहनत कर रहे हैं उससे निश्चित रूप से आगमी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी प्रदेश में सरकार बनाएगी।
विधानसभा धनोल्टी के नव नियुक्त पर्यवेक्षक विजय सिंह गुसाईं ने प्रदेश नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनको जो जिम्मेदारी पार्टी ने दी है वे एक सच्चे सिपाही की तरह अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करेंगे। महिला कांग्रेस की जिला अध्यक्ष आशी रावत ने कहा कि भाजपा राज में उत्तराखंड में महिलाओं पर अत्याचार की सारी सीमाएं लांघ दी गई हैं । उन्होंने कहा कि बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ का नारा देने वाली भाजपा सरकार के दायित्वधारियों और पदाधिकारी ही बेटियों की इज़्ज़त लूट रहे हैं। पार्टी के ब्लॉक अध्यक्ष श्री दीप चंद सजवान ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि आगामी पंचायत चुनावों में पार्टी एक जुट हो कर चुनाव लड़ेगी और बेहतर नतीजे पार्टी के पक्ष में आएंगे। प्रदेश श्रम प्रकोष्ठ अध्यक्ष दिनेश सिंह कौशल ने कहा कि ब्लॉक स्तर पर पार्टी के सभी फ्रंटल संगठनों और प्रकोष्ठों का गठन होना चाहिए।








