- एसडीआरएफ और जिला पुलिस की सतर्कता से टला बड़ा हादसा, घायल अस्पताल में भर्ती
टिहरी गढ़वाल, 5 जुलाई
जनपद टिहरी के डोबराचांठी क्षेत्र में एक बड़ा हादसा उस समय टल गया जब एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर लगभग 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ (राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल) की टीम ने रात के अंधेरे और कठिन परिस्थितियों के बावजूद साहसिक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर चालक को सुरक्षित बाहर निकाला।
घटना की सूचना सुबह करीब 12:20 बजे पुलिस चौकी कोटी कॉलोनी से SDRF को प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक सचिन रावत के नेतृत्व में एसडीआरएफ पोस्ट कोटी कॉलोनी से टीम तुरंत रवाना हुई और जिला पुलिस के साथ संयुक्त रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया।
रेस्क्यू टीम को मौके पर पहुंचने पर पता चला कि पिकअप वाहन डोबराचांठी के पास अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा था। वाहन में केवल चालक मौजूद था, जो खाई में फंसा हुआ था।
करीब 100 मीटर नीचे जाकर टीम ने घायल चालक रमेश रावत (35 वर्ष), पुत्र श्री भरत सिंह रावत, निवासी ग्राम डांग, पोस्ट ऑफिस भलदियाना, जनपद टिहरी गढ़वाल को सफलतापूर्वक बाहर निकाला। घायल को प्राथमिक उपचार के लिए तत्काल एंबुलेंस के माध्यम से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया।
रेस्क्यू के दौरान रात्रि का अंधेरा, दुर्गम रास्ता और खाई की गहराई विशेष चुनौतीपूर्ण रही, लेकिन SDRF की तत्परता और कार्यकुशलता ने समय पर एक जीवन को बचा लिया। एसडीआरएफ द्वारा पुनः यह सिद्ध किया गया कि आपदा के किसी भी क्षण में वह तत्परता से हर चुनौती का सामना करने को तैयार है।








