उत्तराखंड में जारी भारी बारिश का असर अब चारधाम यात्रा पर भी पड़ने लगा है, दअरसल केदारनाथ धाम की यात्रा को प्रशासन ने तीन दिनों के लिए स्थगित कर दिया है। रुद्रप्रयाग जिले के जिलाधिकारी प्रतीक जैन ने बताया कि मौसम विभाग की भारी बारिश की चेतावनी के बाद प्रशासन ने 12, 13 और 14 अगस्त को केदारनाथ धाम यात्रा स्थगित करने का निर्णय लिया है।
बता दें कि मौसम विभाग ने इन तीन दिनों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। जिसके मद्देनजर यह फैसला लिया गया है। वहीं श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए यात्रा अस्थायी रूप से रोकी गई है। प्रशासन ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग के डेंजर जोन में 24 घंटे मशीनें और रेस्क्यू टीमें तैनात हैं। साथ ही, नदी-नालों के जल स्तर पर लगातार निगरानी रखी जा रही है ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके।







