देहरादून। पटेलनगर थाना क्षेत्र में आईटीएस कॉलेज वाली रोड पर हुई फायरिंग की घटना के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त कार को भी अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस के अनुसार आज करीब दोपहर 3 बजे पटेलनगर क्षेत्र में आईटीएस कॉलेज वाली रोड पर साहिल, सुजल, दक्ष, अंशुल, आदित्य और विशाल खड़े थे। इसी दौरान गुरमीत नामक युवक कुछ अन्य युवकों के साथ स्विफ्ट कार से वहां पहुंचा और कथित रूप से उक्त युवकों पर फायरिंग कर दी। हालांकि, पहली घटना में किसी को चोट नहीं आई।
फायरिंग के बाद गुरमीत कार लेकर मौके से फरार हो गया। इसके बाद वहां मौजूद युवकों ने उसका पीछा किया। पीछा करते हुए मामला शिमला बाईपास रोड स्थित सेंट जूड चौक के पास पहुंचा, जहां आरोप है कि गुरमीत ने दोबारा फायरिंग की। इस दौरान साहिल नाम का युवक घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए इंद्रेश अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के मुताबिक घटना में प्रयुक्त वाहन का नंबर HR51AZ0890 है। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने रोहित (22 वर्ष), पुत्र प्रदीप सिंह, निवासी ग्राम दलेड़ी, थाना बड़गांव, सहारनपुर, वर्तमान में होटल मैनेजमेंट, सुभारती कॉलेज, देहरादून को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त वाहन को भी बरामद/कब्जे में ले लिया है।
प्रथम दृष्टया पुलिस जांच में सामने आया है कि घटना से जुड़े दोनों पक्ष पूर्व में एक-दूसरे के मित्र रहे हैं। पिछले कुछ समय से गुरमीत का आदित्य, सुजल और अंशुल के साथ विवाद चल रहा था, जिसके चलते दोनों पक्षों के बीच मतभेद पैदा हो गए थे। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और फायरिंग में शामिल अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है। पुलिस द्वारा मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।








