दिल्ली, एनसीआर और इसके आसपास के इलाकों के लोगों के लिए अच्छी खबर है. आज यानी 1 जुलाई से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से देश के 6 प्रमुख शहरों के लिए डायरेक्ट फ्लाइट शुरू हो रही हैं।
ऐसे में अगर आप वीकेंड ट्रिप या छुट्टियों पर जाने की सोच रहे हैं तो आपको अब केवल दिल्ली हवाई अड्डे पर निभर्र नहीं रहना होगा. आप नोएडा से भी फ्लाइट पकड़कर धर्मशाला, देहरादून और जोधपुर जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों पर जा सकते हैं. यहां से लखनऊ, नवी मुंबई, जम्मू, अमृतसर, हैदराबाद और बेंगलुरु के लिए नियमित फ्लाइट्स पहले से ही ऑपरेट हो रही हैं.
आज से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से पहाड़ों की वादियों से लेकर रजवाड़ों के शहर तक के लिए सीधी उड़ानें शुरू हो गई हैं. अब आप यहां से भोपाल, देहरादून, धर्मशाला, जोधपुर, बरेली और पंतनगर के लिए डायरेक्ट फ्लाइट ले सकते हैं. जोधपुर और बरेली के लिए रोजाना फ्लाइट नहीं मिलेगी. इन दोनों शहरों के लिए सोमवार, बुधवार, शुक्रवार और रविवार को ही फ्लाइट मिलेंगी.
15 जून को शुरू हुआ था नोएडा एयरपोर्ट
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट 15 जून से शुरू हुआ था. शुरुआत में यहां से सिर्फ छह शहरों के लिए रोजाना 12 उड़ानें संचालित हो रही थीं. आज से शहरों की संख्या 12 हो जाएंगी और एयरपोर्ट पर रोजाना टेकऑफ और लैंडिंग करने वाले विमानों की कुल संख्या भी बढ़कर 48 हो जाएगी.
जयपुर और चंडीगढ़ के लिए भी फ्लाइट जल्द
नोएडा एयरपोर्ट से कल यानी 2 जुलाई से जयपुर और किशनगढ़ के लिए भी सीधी हवाई सेवा शुरू हो जाएगी. जयपुर के लिए रोजाना फ्लाइट मिलेगी, वहीं किशनगढ़ के लिए मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को फ्लाइट चलेगी. 13 जुलाई से चंडीगढ़ के लिए भी सीधी फ्लाइट शुरू होने जा रही है. इन नए रूटों के शुरू होने से कुल 16 शहर सीधे नोएडा एयरपोर्ट से जुड़ जाएंगे.
नोएडा एयरपोर्ट फ्लाइट टाइमिंग
धर्मशाला सुबह 9:55 बजे
देहरादून शाम 7:10 बजे
जोधपुर: दोपहर 2:40 बजे (सोमवार, बुधवार, शुक्रवार और रविवार)
जयपुर: सुबह 6:20 बजे और शाम 3:45 बजे
किशनगढ़: सुबह 10:30 बजे (मंगलवार, गुरुवार और शनिवार)
अमृतसर: सुबह 10:10 बजे
चंडीगढ़: सुबह 6:10 बजे (13 जुलाई से सुबह 9:55 बजे एक और फ्लाइट)
बेंगलुरु: दोपहर 2:45 बजे
हैदराबाद: दोपहर 2:50 बजे








