मसूरी। मसूरी-देहरादून मोटर मार्ग पर पानी वाले मोड़ के पास लगातार हो रहे भूस्खलन और सड़क की खराब स्थिति को लेकर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने सोमवार को स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ क्षतिग्रस्त सड़क का जायजा लेते हुए जल्द सुधार कार्य शुरू करने के निर्देश दिए। बार-बार भूस्खलन होने के कारण सड़क का एक हिस्सा काफी संकरा हो गया है। इससे स्थानीय लोगों के साथ-साथ मसूरी आने वाले पर्यटकों को भी आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थिति को गंभीरता से लेते हुए मंत्री ने लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों से पूरे मामले की जानकारी ली।
मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि भूस्खलन की समस्या का तत्काल समाधान किया जाए और सड़क को सुरक्षित बनाने के लिए ठोस एवं स्थायी कार्ययोजना तैयार की जाए। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों और पर्यटकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए शासन स्तर से भी आवश्यक कार्रवाई तेजी से की जा रही है। निरीक्षण के दौरान नगरपालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी, भाजपा मंडल अध्यक्ष रजत अग्रवाल, संदीप साहनी, संजय अग्रवाल, राकेश रावत, राकेश माथुर, एसडीएम मसूरी राहुल आनंद, लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता दयानंद, अधिशासी अभियंता बीएन द्विवेदी समेत विभागीय अधिकारी और अन्य लोग मौजूद रहे।








